
कर्ज माफी और बेहतर एमएसपी की मांग करने दिल्ली के रामलीला मैदान में जुटे करीब 1 लाख किसानों का प्रदर्शन जारी है। इस बीच ही किसानों ने आम जनता के नाम एक पत्र लिखा है जो वो रास्ते भर बांटते हुए चल रहे हैं। इस पत्र को पढ़ने के बाद महंगाई की दुहाई देने वाली जनता को समझ आ जाएगा कि इसकी असली जड़ क्या है। किसानों के इस पत्र में सब्जियों के भाव से लेकर उन्हें मिलने वाले दाम के बारे में बड़ी अच्छी तरह से पेश किया गया है। इस पूरे पत्र में किसानों की जो सबसे जरूरी मांग है वो ये है कि संसद में किसानों के लिए एक विशेष अधिवेशन को बुलाकर सरकार उनके बारे में बात करे और एक कानून पास कर उन्हें उनकी फसलों के उचित दाम दिलवाए।
बता दें कि आज ये किसान दिल्ली के रामलीला मैदान से मार्च करते हुए जंतर मंतर की ओर रवाना होंगे जिसके देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा का खास बंदोबस्त किया गया है।
कई राजनीतिक दलों का मिल रहा समर्थन
इस किसान आंदोलन को कई राजनीतिक दलों का समर्थन मिल रहा है जिनमें सीपीआई, आम आदमी पार्टी, त्रिणमूल कांग्रेस, एलजेडी जैसे संगठन शामिल हैं।
आंदोलन में आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, गुजरात, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान और अन्य राज्यों के किसान मुख्य रुप से शामिल हैं।