बर्थडे: ‘ऑस्कर अवॉर्ड’ जीतने वाले पहले भारतीय संगीतकार हैं ए. आर. रहमान

Views : 5357  |  4 minutes read
A-R-Rahman-Biography

संगीत की दुनिया में अपनी धुन और सुरों का परचम लहराने वाले ए. आर. रहमान आज अपना 56वां जन्मदिन मना रहे हैं। रहमान को संगीत की दुनिया में उनके बेहतरीन म्यूजिक के लिए जाना जाता है। उन्होंने लगभग सभी प्रमुख भारतीय भाषाओं और विदेशी सिनेमा के लिए संगीत दिया है। एआर रहमान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी भारत का मान बढ़ा चुके हैं। वे अबतक के कॅरियर में कई नामी अवॉर्ड्स से नवाजे गए हैं। इस ख़ास मौके पर जानिए मशहूर भारतीय संगीतकार ए. आर. रहमान के बारे में कुछ अनसुनी बातें…

Musician-A-R-Rahman

एक मलयाली हिंदू परिवार में हुआ था जन्म

संगीतकार ए. आर. रहमान का जन्म 6 जनवरी, 1967 को तमिलनाडु के चेन्नई में मलयाली संगीतकार आरके शेखर और करीमा बेगम के घर में हुआ था। रहमान ने एक हिंदू परिवार में जन्म लिया था। उन्हें संगीत अपने पिता से विरासत में मिला। रहमान का बचपन काफी तंगहाली में गुजरा। महज 9 साल की उम्र में उन्होंने अपने पिता को खो दिया। ऐसे में बहुत कम उम्र में पूरे परिवार की जिम्मेदारी उनके ऊपर आ गई। परिवार को पालने के लिए रहमान ने पिता के की-बोर्ड का सहारा लिया और कई म्यूजिक बैंड का हिस्सा बने।

ऐसे बने ए एस दिलीप कुमार से ए.आर. रहमान

जन्म के समय उनका नाम ए एस दिलीप कुमार था, जिसे बाद में बदलकर अल्लाह रक्खा रहमान यानि ए. आर. रहमान कर दिया गया। उनके नाम बदलने के पीछे भी एक दिलचस्प किस्सा है। दरअसल, पिता के निधन के बाद रहमान के परिवार पर एक के बाद एक कई मुसीबतें आईं। इसी दौरान उनकी बहन गंभीर बीमारी का शिकार हो गई। रहमान ने मस्जिदों में अपनी बहन की सलामती की दुआएं मांगी, जो जल्द ही पूरी हो गई। उनकी बहन ठीक हो गई। इस चमत्कार को देखते हुए उन्होंने इस्लाम अपनाने का फैसला किया।

वहीं, दूसरी तरफ ए.आर. रहमान की बायोग्राफी ‘द स्पिरिट ऑफ म्यूजिक’ में भी उनके नाम बदलने का किस्सा है, जिसमें बताया कि उन्होंने एक ज्योतिषी के कहने पर ऐसा किया। एक इंटरव्यू के दौरान भी उन्होंने इस बात का खुलासा किया कि उन्हें अपना नाम अच्छा नहीं लगता था। एक दिन जब उनकी मां बहन की कुंडली दिखाने एक ज्योतिषी के पास गईं तो उन्होंने बेटे का नाम बदलने की सलाह दी और तभी से उनका नाम दिलीप शेखर से अल्ला रख्खा रहमान पड़ गया।

A-R-Rahman

पहले भारतीय संगीतकार जिसने जीता ऑस्कर का खिताब

ए. आर. रहमान का संगीत बेमिसाल है, उसकी जितनी तारीफें की जाए उतनी कम है। अपने बेहतरीन संगीत के लिए उन्हें कई नामी पुरस्कारों से नवाजा गया है। रहमान को वर्ष 2008 में आई फिल्म ‘स्लमडॉग मिलेनियर’ के लिए दो ऑस्कर अवॉर्ड से नवाजा गया। यही नहीं ए. आर. रहमान दो ग्रैमी अवॉर्ड जीतने वाले पहले भारतीय संगीतकार हैं। इसके अलावा एक बॉफ्टा अवॉर्ड, एक गोल्डन ग्लोब, 4 नेशनल फिल्म अवॉर्ड, 15 फिल्मफेयर अवॉर्ड और 13 फिल्मफेयर साउथ के अवॉर्ड अपने नाम कर चुके हैं।

मोहम्मद रफ़ी ने फिल्म ‘पहले आप’ से शुरू किया था पार्श्व गायन, नौशाद साहब ने दिया ब्रेक

COMMENT